आजमगढ़ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकरा गई, जिससे चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय एक घायल की रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि अन्य का उपचार जारी है।
कैसे हुआ हादसा
यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 185 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ। बोलेरो में सवार लोग दिल्ली से लखनऊ होते हुए बिहार जा रहे थे। चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में बोलेरो चालक सुधाकर यादव (43), सज्जाद (36), साहिल (32), अंसार (25), अफसार (30) और सिकंदर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर यूपीडा का गश्ती दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय सज्जाद (36) की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला के चिकित्साधिकारी डॉ. शिव कुमार यादव ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। उनकी हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया, जिसमें एक व्यक्ति की हालत काफी नाजुक थी। वहीं थाना प्रभारी अहरौला अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।