ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने पूर्व प्रधान के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान फायरिंग के साथ ही तलवार से हमला किया गया। गोली लगने पूर्व प्रधान के बहु की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं एक युवती व एक युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख दोनों जिला अस्पताल रेफर कर दिए गए। घटना की जानकारी होते ही एसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। महिला के शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की सास इस बार चुनावी मैदान में थी और उसे हार का सामना करना पड़ा।
इसहाकपुर गांव निवासी रामअवध राजभर गांव के पूर्व प्रधान है। इस बार के चुनाव में उन्होंने अपनी पत्नी कर्मा देवी को मैदान में उतारा था। मतगणना के पश्चात घोषित परिणाम में कर्मा देवी चुनाव हार गई। चुनावी रंजिश को लेकर ही 20 से 25 की संख्या में असलहा, धारदार हथियार व लाठी-डंडा से लैस होकर आए लोगों ने रामअवध के घर पर धावा बोल दिया। रामअवध घर पर नहीं मिले तो बदमाशो सामने मिली रामअवध की बहु 24 वर्षीया पूनम पत्नी प्रमोद को गोली मार दी। गोली लगते ही पूनम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार की एक और युवती 20 वर्षीया प्रीती पुत्री बुझारत को भी गोली लगी है। इसके अलावा बीच बचाव के लिए आए परिवार के ही 30 वर्षीय रंजीत पुत्र शिवकुमार पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आगे बढ़ने पर रामअवध पक्ष के समर्थक छोटेलाल के घर पर भी बदमाशों ने धावा बोला और छोटेलाल समेत परिवार की महिलाओं को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजन दोनो घायलों को स्थानीय अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी होते ही एसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। परिजन घायलों का इलाज कराने गए है, जिसके चलते अभी कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। घटना से गांव व परिवार में कोहराम मच गया है।
घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। अभी कोई तहरीर भी पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है। कारण चाहे जो हो तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुधीर कुमार सिंह, एसपी, आजमगढ़।