23 देवगांव कोतवाली में मृत महिला की फाइल फोटो। संवाद
देवगांव। कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन हनुमानगढ़ी मोहल्ले में शनिवार रात करीब 8 बजे एक विवाहिता वंदना की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए देवगांव कोतवाली में तहरीर दी। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया
मृतका की पहचान वंदना 22 वर्ष पुत्री जयराम सोनकर, निवासी नई बाजार, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ के रूप में हुई है। वंदना की शादी दो वर्ष पूर्व संतोष सोनकर निवासी सिविल लाइंस हनुमानगढ़ी, लालगंज, थाना देवगांव से हुई थी। सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और दहेज उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाते हुए देवगांव कोतवाली में तहरीर दी। मायके वालों का आरोप है कि दामाद संतोष सोनकर व अन्य परिजनों ने वंदना का गला दबाकर हत्या की और शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मौके पर पहुंचने पर वंदना मृत मिली।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मृतका के पिता जयराम सोनकर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है। कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।