आजमगढ़ में शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा अधिग्रहित किए गए लाइफ लाइन हॉस्पिटल में कोविड ओपीडी की मंगलवार से शुरूआत हो गई। सुबह 9 बजे से ही रजिस्ट्रेशन का कार्य शुरू हुआ और 10 बजे से डॉक्टरों ने कोविड के मरीजों को को देखना भी शुरू कर दिया।
होम आईसोलेशन में रह रहे काफी संख्या में कोविड मरीज सुबह से ही अस्पताल पर पहुंचे। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी जहां शासन ने बंद कर दी है तो वहीं अब प्राइवेट अस्पतालों को अधिग्रहित कर वहां कोविड ओपीडी की शुरूआत कराई जा रही है। जिले में दो प्राइवेट अस्पताल लाइफ लाइन हॉस्पिटल व रमा हॉस्पिटल को कोविड अस्पताल के रुप में अधिग्रहित किया गया है।
लाइफ लाइन अस्पताल ने तो मंगलवार से अपने यहां ओपीडी की भी शुरूआत कर दी है। अस्पताल के निदेशक डॉ. पीयूष ने बताया कि सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन का कार्य शुरू करा दिया गया। 10 बजे से डॉक्टरों ने मरीजों को देखना भी शुरू कर दिया गया। फिलहाल गंभीर मरीजों को ही अस्पताल में भर्ती किया जाएगा।शेष मरीजों को जरूरी सलाह व दवाएं देकर घर भेज होम आईसोलेट ही कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में लगभग 100 बेड की व्यवस्था है। वहीं शासन द्वारा निर्धारित शुल्क पर ही यहां कोविड मरीजों का इलाज किया जाएगा।