कप्तानगंज। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी ईंट भट्ठे के पास रहने वाला एक परिवार घर से करीब सौ मीटर दूर स्थित एक व्यक्ति के घर जन्माष्टमी मनाने गया हुआ था। चोर घर के पीछे से नकब लगाकर भीतर घुसे और तीन बक्सा, एक अटैची पार कर दिए। जिसमें 20 हजार रुपये और छह लाख रुपये मूल्य का आभूषण था।
घटना की सूचना मिलने पर रात को ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित भोला यादव पुत्र स्व. बजरंगी कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी गांव के निवासी हैं। उनका मकान ईंट भट्ठे के पास स्थित है। शनिवार की रात भोला समेत उसकी पत्नी रमावती देवी, बेटी इंद्रावती देवी, बहू सोनी, वंदना और गीता सहित अन्य करीब सौ मीटर दूर एक व्यक्ति के घर जन्माष्टमी मनाने चले गए। इस दौरान मकान में ताला बंद था। सुनसान माहौल पाकर चोर भोला के मकान में पीछे से नकब लगाकर घुसे और तीन बक्सा और एक अचैटी को पार कर दिया। जिसमें 20 हजार रुपये और पत्नी, बेटी और बहुओं का आभूषण रखा हुआ था। उसे चुरा ले गए। पूजा समाप्त होने के बाद भोला का परिवार जब अपने घर पहुंचा तो अंदर बिखरे सामान और लगी नकब देखकर दंग रह गया। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई। सीओ सिटी इलामारन ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट अभी नहीं दर्ज है। पुलिस चोरों का पता लगा रही है।