50 हजार सिपाही जाएंगे छुट्टी पर
- फोटो : ANI
प्रतिदिन काम के बोझ से दबे पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए उन्हें साप्ताहिक अवकाश देने की व्यवस्था जिले में भी लागू कर दी गई है। सप्ताह में एक दिन आराम मिलने पर पुलिसकर्मी दिमागी तौर पर तरोताजा महसूस करेंगे। फिलहाल यह व्यवस्था अभी नगर सर्किल के चार थानों शहर कोतवाली, सिधारी, रानी की सराय और कंधरापुर में लागू की गई है। कई दरोगा और सिपाही पहले दिन साप्ताहिक अवकाश पर शहर में परिवार और मित्रों संग खरीदारी करते दिखे। जल्द ही अन्य थानों में भी व्यवस्था लागू हो जाएगी।
पुलिसकर्मियों को सिपाहियों की कमी के चलते अवकाश के लिए तरसना पड़ता था। दरोगाओं को इतनी फुर्सत नहीं मिल पाती थी कि घर परिवार को समय दे सकें। ड्यूटी के बोझ तले दबे पुलिसकर्मी शारीरिक और मानसिक रूप से आराम नहीं मिलने के कारण तनाव ग्रस्त रहते हैं। उदाहरण के तौर पर वर्ष 2013 में सीओ लालगंज का चालक घर न जा पाने की वजह से तनाव में था।
इससे नाराज होकर पहले तो सीओ पर रिवाल्वर तान दिया, बाद में खुद की कनपटी पर सटा दी थी। हालांकि किसी तरह से मामला शांत हुआ। तनाव के चलते ही ज्यादातर सिपाही और दरोगा छुट्टी पर जाने के लिए झूठ, वारंट या साक्ष्य का सहारा लेते हैं। एसपी अजय कुमार साहनी ने चार्ज संभालने के बाद ही दरोगा और सिपाहियों को साप्ताहिक छुट्टी देने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया।