आजमगढ़। होटल या ढाबे पर खाने वक्त सजग रहें क्योंकि थाली में कीड़ा भी हो सकता है। आजमगढ़-मऊ मार्ग पर स्थित एक ढाबे पर परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में आजमगढ़-मऊ मुख्य मार्ग स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे पर कुछ युवक खाना खा रहे हैं। तभी थाली में कीड़ा रेंगता दिखाई दिया। युवक खाना छोड़कर वीडियो बनाने लगे। वीडियो में ढाबा दिखाया गया है। बाद में युवकों ने उसे सोशल मीडिया व्हाट्सएप व फेसबुक के जरिए प्रसारित कर दिया। दिन भर लोग वीडियो पर प्रतिक्रिया देते रहे। वीडियो मुख्य अभिहित अधिकारी डीके राय के पास पहुंची तो उन्होंने क्षेत्रीय निरीक्षक से मामले की जांच करने को कहा। अभिहित अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि वायरल वीडियो में कितनी सच्चाई है। दोषी मिलने पर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।