आजमगढ़/पवई। पवई थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह भूमि विवाद को लेकर मारपीट हो गई थी। मारपीट की इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान बुधवार की देर रात उसकी मौत हो गई।
खेमीपुर गांव निवासी घुरेराम व गोबरी के बीच काफी दिनों से भूमि संबंधित विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को लेकर गोबरी व उसके परिवार के अन्य लोगों ने बुधवार की सुबह घुरेराम के घर वालों पर हमला बोल दिया। मारपीट की इस घटना में घुरेराम का 18 वर्षीय पुत्र सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले गए जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था कि देर रात लगभग साढ़े नौ बजे सिकंदर ने दम तोड़ दिया। युवक के मौत की खबर घर पहुंचे ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के भाई जोगेंद्र ने गोबरी पुत्र भूलन, सुनील, अंगद व अंकित पुत्रगण गोबरी और सरोजा पुत्री गोबरी के खिलाफ पवई थाने में नामजद तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया है।