दो बसों की टक्कर में चालक, यात्री जख्मी
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ऊबाबा मंदिर के पास रविवार की दोपहर रोडवेज की अनुबंधित अनियंत्रित बस और प्राइवेट बस की आमने-सामने हुई टक्कर में रोडवेज बस के चालक सहित आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ लोग इलाज कराकर घर चले गए। दो लोगों का इलाज चल रहा है।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी भरत (31) रोडवेज बस का चालक है। रविवार की दोपहर वह अपनी बस लेकर वाराणसी जा रहा था। बुढ़ऊबाबा मंदिर के पास जौनपुर से मेहनाजपुर की ओर जा रही प्राइवेट बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें भरत के अलावा बस में सवार शहर कोतवाली क्षेत्र के कटरा मुहल्ला निवासी राजकुमार सिंह (42) सहित करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक भरत और राजकुमार सिंह का सीएचसी लालगंज में इलाज चल रहा है। अन्य इलाज के बाद घर चले गए।