आमजगढ़। प्रदेश सरकार और अमर उजाला के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम पहल के तहत मंगलवार सुबह अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में स्वच्छता संगोष्ठी का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों को गंदगी के खिलाफ जंग छेड़ने की शपथ दिलाई।
इससे पहले जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह, एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह, डीपीआरओ जितेंद्र नाथ मिश्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वीके अग्रवाल, पालिका ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा और प्रबंधक विनोद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। कहा कि आज भी जिले की 60 फीसदी आबादी खुले में शौच जाती है।
खुले में शौच से ही 75 फीसदी बीमारियां होती हैं। लेकिन अब सोच बदल रही है। जब तक हम सोचेंगे नहीं कोई कार्य कर ही नहीं सकते हैं। इसलिए सोच में सकारात्मकता लानी है। हमारी सोच सकारात्मक हो जाएगी तो देश अपने आप स्वच्छ हो जाएगा। अच्छा स्वास्थ्य सफाई से ही पाया जा सकता है। हम अपने घरों में तो सफाई करते हैं, लेकिन आसपास की गंदगी पर हमारी नजर नहीं जाती है।
हमारा नजरिया समाज की समस्या को अपनी समस्या मानने से होना चाहिए। अगर ये सकारात्मक सोच हमारे अंदर विकसित हो गई तो स्वच्छ भारत मिशन को बड़ी कामयाबी मिलेगी। ये तभी होगी जब एक व्यक्ति अपने साथ वाले को खुले में शौच से रोकेगा। हम सुधरेंगे तो समाज अपने आप सुधर जाएगा। उन्होंने अमर उजाला के प्रयास के सराहना की और कहा कि मीडिया का इसी तरह साथ मिला तो इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे।
इससे पहले अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा शहरवासियों से सफाई रखने के साथ ही समय से निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा फेंकने की अपील की। साथ ही कहा कि कूड़ा कूड़ेदान में ही डाले।
संचालन रंगकर्मी सुनील विश्वकर्मा ने किया। इस मौके पर व्यापार मंडल के संत प्रसाद अग्रवाल, महिला मंडल की डॉ.वंदना द्विवेदी, राधामोहन, अनीता द्विवेदी, विजयलक्ष्मी म्रिश्रा, भारत रक्षा दल के उमेश सिंह गुड्डू आदि लोग मौजूद रहे।
थानों पर देंगे शौचालय की जानकारी
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांवों को ओडीएफ घोषित कराने के लिए काफी गंभीर है। उन्होंने उपस्थित लोगों से गुजारिश की स्वच्छता पर विचार करें और अपने तथा अपने आसपास के लोगों को सोच में परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के थानों पर भी शौचालय बनवाने के बारे में जानकारी दी जाएगी। लेकिन स्वच्छता का ये सपना तभी सच हो पाएगा, जब हम अपनी सोच को बदलेंगे।
स्वच्छता के लिए नागरिकों का योगदान जरूरी
डीपीआरओ जितेंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि जिले को स्वच्छ बनाने के लिए नागरिकों का योगदान बहुत जरूरी है। स्वच्छता आज की मूल जरूरत है। आपस में संवादकर और संयुक्त प्रयास से योजना के तहत सभी लोग इस अभियान से जुड़े। जिले को स्वच्छ रखने में मदद करें। सिर्फ शौचालय बनवाने से स्वच्छता नहीं आएगी। हमें खुले में शौच जाने वाली अपनी इस सोच को भी बदलना होगा।
स्वच्छता का लें संकल्प नहीं पड़ेंगे बीमार
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल ने कहा कि आज यहां से हम एक संकल्प लेकर घर जाएंगे। इसके प्रति हम अगर दृढ़ रहे तो कभी बीमार नहीं पड़ेंगे। खाने से पहले और खाने के बाद छह बार हाथ को मल कर धोइये। एक बार में करीब 40 से 60 सेंकेंड तक हाथ को धोना चाहिए। व्यक्तिगत सफाई के तरह ही अपने आसपास भी सफाई रखनी जरूरी है।
नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मृणाल सेवा संस्थान के सदस्यों ने स्वच्छता और शौचालय पर आधारित प्रेरणा दायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इससे सभी को साफ-सफाई रखने और खुले में शौच न करने के बारे में बताया। कलाकारों के रोचक अभिनय पर लोगों की खूब तालियां भी मिलीं। हंसी की फुहारे भी फूटे। टीम में सचिव तरुण कुमार श्रीवास्तव, डायरेक्टर हेमंत तिवारी, कलाकार कंचन, सुनील, शैलेंद्र, सत्येंद्र, पिंटू, आलोक आदि लोग मौजूद रहे।
मुहिम में सभी बने सहभागी
उत्तर प्रदेश सरकार और अमर उजाला के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स, महिला मंडल, व्यापार मंडल, पंचायती राज विभाग के स्वच्छग्राही, आशा और सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। सबने शपथ पत्र भर कर स्वच्छता की शपथ ली।
सम्मानित होंगी गैर सरकारी संस्थाएं
स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य करने वाली गैर सरकारी संस्थाएं अपने कार्य संबंधी प्रविष्टि अमर उजाला कार्यालय से प्राप्त फार्म के साथ भर कर दे सकती हैं। इन प्रविष्टियों के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली गैर सरकारी संस्थाओं का चयन किया जाएगा और लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।