जिला अस्पताल पर तैनात डॉ. चंद्रहास के बोल बृहस्पतिवार को एक बार फिर बिगड़ गया और एसआइसी की मौजूदगी में ही उन्होंने मुख्यमंत्री व भाजपा नेताओं पर अभद्र टिप्पणी कर दिया। मौके पर मौजूद एक भाजपा पदाधिकारी भड़क उठा और मोबाइल निकाल कर वीडियो बनाने लगा। इसके बाद तो डॉ. चंद्रहास भागने लगे और गिड़गिड़ाने लगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो को भाजपा पदाधिकारी अमित राय ने बनाया है। उनसे इस बाबत जब पूछताछ किया गया तो उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को वह मरीज को लेकर दिखाने के लिए अस्पताल पहुंचा था। इस दौरान एसआईसी डॉ. एके सिंह, डॉ. चंद्रहास समेत कई डॉक्टर बाहर अस्पताल पोर्च में खड़े थे। डॉ. चंद्रहास द्वारा इस दौरान मुख्यमंत्री व भाजपा के जिला स्तरीय नेताओं के प्रति अभद्र टिप्पणी की जा रही थी। इस पर अमित ने मोबाइल निकाल कर वीडियो बनाना शुरू कर दिया और डॉ. चंद्रहास से यह पूछने लगा कि क्या कहे है फिर कहिए। डॉ. चंद्रहास तो वायरल वीडियो में भागते नजर आ रहे है और हाथ जोड़ कर गिड़गिड़ाते नजर आ रहे है। कह रहे है कि मैंने कुछ नहीं कहा, माफ कर दीजिए।
मैंने कुछ नहीं कहा था, भाजपा का नेता अमित राय झूठ में ही मेरे पीछे पड़ गया था। वायरल वीडियो के बारे में मुझे कुछ नहीं कहना है, मुझे बदनाम करने की एक साजिश है।
डॉ. चंद्रहास, वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल।
प्रकरण मेरे सामने हुआ था लेकिन यह मामला डॉ. चंद्रहास का व्यक्तिगत है। इसमें कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। उनका लहजा ही ऐसा है कि जैसे लगता है कि कुछ गलत कह रहे है। लेकिन वास्तव में ऐसा होता नहीं है।
डॉ. एके सिंह, प्रभारी एसआईसी, जिला अस्पताल।