आजमगढ़। सभी शासकीय और प्राइवेट हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों के 15 से 18 वर्ष की आयुवर्ग के विद्यार्थियों को कोविड के टीके लगवाना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने वाले विद्यालयों की मान्यता समाप्त की जा सकती है। टीकाकरण 15 जनवरी तक पूरा कर लेना है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी ने समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 15-18 वर्ष के सभी छात्र-छात्राओं का कोविड टीकाकरण कराने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को टीके लगा रही है। हालांकि इसके बावजूद टीकाकरण की गति धीमी है। अब तक 50 फीसद विद्यार्थियों का टीकाकरण हो सका है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को अध्यापक की ड्यूटी लगाकर बसों के माध्यम से 15-18 वर्ष के विद्यार्थियों को बुलाकर शत-प्रतिशत टीके लगवाने को कहा है। उनका कहना है कि जो विद्यालय टीकाकरण का लक्ष्य पूरा नहीं करेंगे उनके विद्यालय की मान्यता समाप्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
माध्यमिक विद्यालयों में करीब तीन लाख विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनकी उम्र 15 से 18 वर्ष की है। उनका टीकाकरण स्कूलों में किया जा रहा है। 15 जनवरी तक सबका टीकाकरण कराया जाना है। यदि जो विद्यालय लक्ष्य पूरा नहीं करेंगे उनके विद्यालय की मान्यता समाप्ति की कार्रवाई शुरू की जाएगी। प्रबंध समितियों पर भी कार्रवाई होगी।-डा. वीके शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक
स्कूल में लगाए गए टीके
आजमगढ़। जिले में 15 से 18 आयु वर्ग के किशोर और किशोरियों को वैक्सीन लगाने का क्रम मंगलवार को भी जारी रहा। रानी की सराय के यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में लगे कैंप में 110 छात्र-छात्राओं टीके लगाए गए। प्रबंधक इसरार अहमद, प्रधानाचार्य ऋषिकेश उपाध्याय, रुपेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। फूलपुर स्थित फरहान कान्वेंट स्कूल और रामबचन महाविद्यालय में एसडीएम ज्ञानचंद गुप्ता और सीएचसी अधीक्षक डा. रामआशीष सिंह यादव शिविर की शुरुआत की। यहां 300 टीके लगाए गए। सरायमीर के मिर्जापुर ब्लाक के सर सैयद इंटर कॉलेज ओहदारीपुर, बीनापारा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पीएचसी मिर्जापुर की टीम ने टीके लगा। प्रिंसिपल सलमानुल्लाह खान, मैनेजर अबु सुफियान खान आदि मौजूद रहे।