मेंहनगर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अहियाई बाजार स्थित हार्डवेयर की दुकान का मंगलवार की रात चोरों ने ताला चटका दिया। चोरों ने दुकान में रखे नकदी के साथ ही लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब दुकानदार दुकान खोलने के लिए पहुंचा। पीड़ित ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दे दी है।
अहियाई गांव निवासी बृजेश यादव की स्थानीय बाजार में हार्डवेयर की दुकान है। रोज की भांति मंगलवार की रात आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात अज्ञात चोर दुकान के पिछले हिस्से से छत पर चढ़े और फिर सीढी पर बने कमरे का ताला तोड़ कर दुकान के अंदर घुस गए। चोरों ने आराम से पूरा दुकान खंगाला। कैश बाक्स में रखे 35 हजार रुपये नकद के साथ ही दो जेटपंप, दो मोनो ब्लाक आधा हार्सपावर का मोटर, पेंट, ग्रीस आदि उठा ले गए। बुधवार की सुबह बृजेश दुकान का शटर खोला तो अंदर का हाल देख कर अवाक रह गया। दुकान का सारा सामान बिखरा हुआ था। सीढ़ी से ऊपर जाने पर छत पर बने सीढ़ी के कमरे का ताला टूटा हुआ था। घटना के बाबत पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे दिया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।