आजमगढ़। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय सभागार में कर करेत्तर राजस्व वसूली एवं अन्य राजस्व कार्यों से संबंधित प्रगति की मंडलीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने उप आबकारी आयुक्त को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हाल में अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। संबंधित जिले के डीएम एवं एसपी से संपर्क कर आवश्यकता अनुसार संसाधनों एवं सुरक्षा व्यवस्था कराकर प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने तीनों जिलों के अपर जिलाधिकारियों को निर्देश दिए है कि शासन के निर्देशानुसार धारा-24 के वादों एवं अविवादित वरासत के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान को पूरी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने मुख्य अभियंता विद्युत को बड़े बकाएदार के कनेक्शन काटने एवं उनसे बकाए की वसूली करने के निर्देश भी दिए। कमिश्नर ने नगरीय क्षेत्रों के बकाया बिलों की वसूली पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। मऊ में अविवादित वरासत की पेंडेंसी बढ़ने पर नाराजगी व्यक्त की। सीआरओ को तत्काल इसकी मानीटरिग करने के निर्देश दिए। आजमगढ़ एवं मऊ में बड़ी संख्या में हैसियत प्रमाण पत्र के लंबित आवेदन पत्रों पर शीघ्रता से कार्रवाई किए जाने पर बल दिया। कहा कि आडिट आपत्तियों के निस्तारण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया। इसमें पुरानी आडिट आत्तियों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में अपर आयुक्त न्यायिक संतोष कुमार वैश्य, बलिया रामआसरे सिंह, सीआरओ मऊ हंसराज समेत अन्य संबंधित मंडलीय व जिला स्तरीय अधिकारी थे।