डाक विभाग ने आम लोगों को बाजार से कम कीमत पर उपयोगी वस्तुएं मुहैया कराने की पहल की है। इसके तहत प्रधान डाक घर से सिर्फ 22 रुपये में एन -95 मास्क, अलग-अलग मात्रा में कम कीमत में सैनिटाइजर, हैंडवाश और शुगर में प्रयुक्त होने वाली आयुर्वेदिक औषधि मुहैया करा रहा है। इसके अलावा आयुष काढा, एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट आदि सामान भी उपलब्ध है। इनकी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ डाकघर में उमड़ रही है।
कोरोना से जंग में डाक विभाग भी हाथ बंटा रहा है। संक्रमण को देखते हुए डाक विभाग ने कोरोना शॉप शुरू किया है। लोगों को गंगाजल उपलब्ध कराने के बाद अब डाक विभाग गांव-गांव तक सस्ती कीमतों पर फेस मास्क, सैनिटाइजर व आयुष काढ़ा बेच रहा है। मुख्य डाकघर में इसकी शुरुआत हो चुकी है। यहां से सरकार की ओर से निर्धारित मूल्यों पर सभी प्रमाणिक सामान कोई भी व्यक्ति सहजता से प्राप्त कर सकता है। विभाग बाजार से सस्ते मूल्यों पर लोगों को सामग्री मुहैया करा रहा है। डाकघर में अच्छी क्वालिटी तथा कम कीमतों पर फेस मास्क, सैनिटाइजर व काढ़ा उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने बड़ी कंपनियों से करार किया है।
0
प्रधान डाक घर में ये वस्तुएं हैं उपलब्ध
प्रधान डाक घर से तमाम उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध हैं। इनमें हैंड सैनिटाइजर 60 एमएल की 30 रुपये, 100 एमएल 50 रुपये, 210 एमएल 150 रुपये, 500 एमएल 250 रुपये में है। मधु शून्य चूर्ण 200 एमजी 165 रुपये, मधु शून्य टैबलेट 50 टेबलेट 195 रुपये, गिलोय घनवटी 70 टैबलेट 99 रुपये, आयुष क्वाथ 50 एमजी 60 रुपये, सतरीठा 500 एमएल- 180 रुपये, 300 एमएल 125 रुपये, सतरीठा 150 एमएल 70 रुपये में है। इसी प्रकार हैंडवाश लेमन 210 एमएल 120 रुपये, हैंडवाश नीम 210 एमएल 120 रुपये और सीआईएम एमईजी 60 टैबलेट 295 रुपये में उपलब्ध है।
0
डाक विभाग में मास्क, सैनिटाइजर, औषधि, हैंडवाश आदि की बिक्री हो रही है। इनका रेट सरकार की ओर से तय किया गया है जो बाजार के रेट से कम है। लोग प्रधान डाकघर से कार्यदिवस के अंदर सामग्री की खरीद कर सकते हैं।-योगेंद्र मौर्य, प्रवर अधीक्षक डाकघर।