महराजगंज स्थित भैरो बाबा का भव्य मंदिर।
- फोटो : AZAMGARH
महराजगंज। जनपद में गंगा दशहरा का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। महराजगंज विकास खंड स्थित भैरव धाम पर गंगा दशहरा मेला का भव्य आयोजन किया जाता है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
लोगों की मान्यता है कि गंगा दशहरा पर धाम स्थित पवित्र सरोवर में स्नान कर बाबा का दर्शन पूजन करने से सभी कष्ट दूर होते हैं। वहीं तमाम असाध्य बीमारियों से भी मुक्ति मिलती है। इसी विश्वास के चलते भैरव धाम पर दूर-दूर से लोग आते हैं। बहुत से श्रद्घालुओं द्वारा नि:शुल्क प्याऊ, चना, शरबत व भोजन की व्यवस्था की जाती है। कोरोना संक्रमण के चलते गत वर्ष मेले का आयोजन नहीं किया गया। ऐसे में अबकी बार मेले में दूरदराज से व्यवसाय करने के लिए आने वाले व्यवसायियों की संख्या कम ही दिख रही है। इस बार भी कई दिनों से हो रही बारिश के चलते जो व्यवसाई अपनी दुकान लगाकर तैयार किए हैं उन्हें ग्राहकों के न पहुंचने का डर सता रहा है । मेले में मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले और छोटे-मोटे सर्कस लगे हुए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण खेती किसानी से जुड़े छोटे कृषि यंत्रों की भी दुकानें सजी हुई हैं। अब सभी को रविवार से शुरू हो रहे मेले का इंतजार है। वहीं आयोजन समिति द्वारा भैरव धाम की साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है।