आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव की चार युवतियां मंगलवार की सुबह दर्शन के लिए निकलीं, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटीं। परिजनों ने जब खोजबीन शुरू की तो कोई सुराग नहीं मिला।
मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सभी फोन स्विच ऑफ मिले। परेशान परिजन थाने पहुंचे और युवतियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों ने बताया कि सभी लड़कियां पास-पड़ोस की थीं और सुबह जमुआरी स्थित हनुमान मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पता चला है कि युवतियों को एक युवक राजन के साथ देखा गया था।
युवतियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अब उसकी कॉल डिटेल निकाल रही है और सर्विलांस के जरिये लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि जैसे ही ठोस जानकारी मिलेगी, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना से गांव में दहशत और परिजनों में भारी चिंता का माहौल है।