पीड़िता पूर्व राज्यसभा सांसद बलिहारी बाबू की पुत्री है। उसने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। लखनऊ स्थित महिला थाने में पति, सास-ससुर समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पूर्व सांसद की बेटी को उसके पति ने दहेज के लिए घर से निकाल दिया है। पीड़िता ने लखनऊ स्थित महिला थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आजमगढ़ के हरवंशपुर मुहल्ले के रहने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद बलिहारी बाबू ने अपनी पुत्री नीलम का विवाह अप्रैल 2017 में वाराणसी निवासी पंकज कुमार से किया था।
विज्ञापन
वर्तमान में नीलम लखनऊ स्थित गोमती नगर में रह रही हैं। पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि पति व ससुराल के अन्य लोगों ने दहेज में 15 लाख रुपये व कार की मांग न पूरी होने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पति का दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप लगाते हुए उसने कहा कि इसका विरोध करने पर उसे ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा।
पति अक्सर देता था ताना
नीलम ने बताया कि पति पंकज अक्सर इस बात का ताना देता था कि तुम्हारे पिता सांसद रह चुके हैं। इसके बावजूद दहेज में कुछ नहीं दिया। नीलम ने पति पंकज, ससुर शिव प्रसाद, सास चंपा देवी, पति के भाई शिवकुमार, उनकी पत्नी लीला व ननद ममता पर नामजद मुकदमा कराया है।