अखिलेश देंगे130 मेधावियों को लैपटॉप
हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में 75 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वालों का किया चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। शिक्षा सत्र 2019-20 में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में 75 फीसद से अधिक अंक पाने वाले अपने संसदीय क्षेत्र के मेधावी छात्रों को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लैपटॉप देंगे। इसके लिए 130 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिनको श्री दुर्गा जी इंटर कालेज सेहदा में 28 अक्टूबर को लैपटॉप दिए जाएंगे। अखिलेश यादव जिले में दो दिन रहेंगे।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने बताया कि सांसद अखिलेश यादव 27 अक्टूबर को दिन में तीन बजे हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन आएंगे। सर्किट हाउस में वह रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह 10 बजे श्री दुर्गा जी इंटर कालेज सेहदा के प्रांगण में 130 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार में 18 लाख छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किया था।
सोमवार को समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में अखिलेश यादव के कार्यक्रम को सफल बनाने के संबंध में बैठक हुई। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने भाजपा ने 2017 के चुनाव में अपने संकल्प पत्र में कहा था कि सभी छात्रों को टैबलेट व हर महीने एक जीबी डाटा मुफ्त देंगे। पांच साल बीत गए लेकिन योजना का पता नहीं चला। बैठक में पूर्व मंत्री बलराम यादव एमएलसी, पूर्व मंत्री व विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, आलमबदी, डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, अध्यक्ष जिला पंचायत विजय यादव सहित आदि उपस्थित थे।