आजमगढ़। नवागत जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को जिला व महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आईसीयू व डायलसिस वार्ड में कोरोना गाइड लाइन का कड़ाई से अनुपालन कराये जाने की भी बात उन्होंने कही।
जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में जिलाधिकारी के अचानक पहुंचते ही हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी ने दोनों अस्पतालों में सीधे वार्डो में पहुंच कर भर्ती मरीजों से बातचीत शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं आदि के बाबत पूरी जानकारी मरीजों से लिया। दोनों अस्पतालों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त मिलने पर उन्होंने सराहना भी किया। इसके साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी भर्ती मरीजों को दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध करायी जाए। भर्ती मरीजों को निर्धारित मानक के अनुरूप ही नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराया जाए। परिसर में कहीं गंदगी न दिखे, इसके लिए जगह-जगह डस्टबिन रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपातकालीन वार्ड, माइनर ओटी, आपरेशन थियेटर, प्राइेवट वार्ड, आईसीसीयू वार्ड, सर्जन कक्ष, शेफ हाऊस आदि का हाल देखा। जिलाधिकारी ने आईसीसीयू व डायलिसिस वार्डो में कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अस्पताल में शासन से उपलब्ध सुविधाओं का मरीजों को पूरा लाभ दिए जाने का भी फरमान सुनाया। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने दोनों अस्पतालों में कोविड-19 वार्ड, आक्सीजन प्लांट व आईसीसीयू वार्ड, हीमो डायलिसिस वार्ड आदि का निरीक्षण किया और इन सभी के क्रियाशील पाए जाने पर सराहना भी किया। इस दौरान प्रभारी एसआईसी डॉ. एके सिंह, डॉ. चंद्रहास समेत अन्य डॉक्टरा व अस्पताल कर्मी मौजूद रहे।