ठेकमा ब्लाक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित उर्वरक विक्रेता और प्रगतिशील किसान । स्रोत
ब्लॉक सभागार में बुधवार को पायलट परियोजना के तहत उर्वरक विक्रेताओं और प्रगतिशील किसानों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। उर्वरक बिक्री रूपरेखा (एफएफएस) के तहत हुए प्रशिक्षण में थोक एवं फुटकर विक्रेताओं को उर्वरकों की बिक्री प्रक्रिया, निर्धारित नियमों और किसानों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण में किसानों को उर्वरकों के वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग के फायदे बताए गए। साथ ही फसल की जरूरत के अनुसार खाद के इस्तेमाल और संतुलित उर्वरक प्रबंधन की जानकारी दी गई।
विक्रेताओं को भी किसानों को उर्वरकों के उचित उपयोग के लिए जागरूक करने तथा बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) सौरभ कुमार और सहायक विकास अधिकारी (कृषि) राहुल सहस मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य खाद के सही इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ किसानों को अनावश्यक उर्वरक के प्रयोग से बचाना और बिक्री व्यवस्था को व्यवस्थित करना है।