पवई के नाटी गांव में चोरी के बाद बिखरे सामान। संवाद
पवई थाना क्षेत्र के नाटी गांव में माहुल-पवई मार्ग स्थित एक मकान को शनिवार को चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बना लिया। परिवार के सदस्य पट्टीदार के यहां हुई मौत की सूचना पर घर में ताला बंद कर गए थे।
इसी दौरान चोर दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और बक्से का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के आभूषण व 10 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
नाटी गांव निवासी उमाशंकर का मकान माहुल-पवई मार्ग पर स्थित है। शनिवार को गांव में उनके पट्टीदार के यहां किसी की मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर उमाशंकर समेत परिवार के सभी सदस्य सुबह करीब 10 बजे मकान में ताला बंद कर वहां चले गए।
इसी दौरान सुनसान मकान देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि चोर मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे कान की बालियां, पायजेब, मंगलसूत्र, नथिया, बिछिया समेत अन्य आभूषण और 10 हजार रुपये नकद चुरा लिए।
करीब दो घंटे बाद परिवार के सदस्य घर लौटे तो दरवाजा टूटा मिला। सूचना पर डायल 112 की टीम और पवई पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल ने बताया कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। चोरी का मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।