आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा में फहद अहमद की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया। हत्या के आरोपी हामिद ने बताया कि फहद ने हामिद की बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। हामिद ने पुरानी रंजिश और बार-बार की धमकियों के चलते उसने फहद को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। दोस्तों संग पहले बीयर पी, इसके बाद उसे ईंट-भट्ठे पर ले गए और चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। एसपी ग्रामीण के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि एक मई को शाम चार बजे फहद नशे में हामिद से मिला और पार्टी करने के लिए कहा।
हामिद ने आतिफ को सूचना दी और तीनों कोईनहा बाजार गए, जहां से तीन बीयर कैन खरीदीं। गांव के पूरब लक्ष्मी यादव के बंद ईंट भट्ठे के पास बबूल के पेड़ के नीचे बीयर पी।
हामिद ने घर से नया चाकू लाया, जिसे उसने फहद को सबक सिखाने के लिए रखा था। फहद और आतिफ चखने के लिए मटर, नमकीन, सिगरेट और चाउमीन लेने गए। फहद ने डेढ़ कैन बीयर पी और नशे में हो गया। हामिद ने उसे सहारा देकर भट्ठे के पास खेत में ले गया। रात में हामिद ने फहद की गर्दन जकड़कर चाकू से गला रेत दिया। फहद की मौत के बाद, हामिद और आतिफ ने लाश को भट्ठे की चिमनी के नीचे छिपा दिया।
इस दौरान आतिफ का मोबाइल वहीं गिर गया, जिसे बाद में उठाया गया। खाली बीयर कैन और फहद की चप्पल मजार के पास फेंक दी गई। हामिद ने खून से सने चाकू को नरकट के झुंड में फेंका और कपड़े धोए। दोनों ने बाद में बहुभोज में खाना खाया और घर जाकर सो गए।
पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, तीन खाली बीयर कैन, एक रेक्सीन चप्पल, पैंट और शर्ट बरामद की। पकड़े गए आरोपियों ने पुरानी रंजिश और बार-बार की धमकियों के चलते फहद को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी सोहराज अहमद ने दो मई को थाने में तहरीर दी कि उनके बेटे फहद की अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार से गले, पेट और सिर पर वार कर हत्या कर दी और दोनों हाथ गमछे से बांध दिए। इस सूचना पर थाना कप्तानगंज में मुकदमा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच थानाध्यक्ष विवेक कुमार पांडेय को सौंपी गई। दो मई को थानाध्यक्ष विवेक कुमार पांडेय को सूचना मिली कि गौरा गांव निवासी आरोपी मोहम्मद हामिद उर्फ सद्दाम और आतिफ खान घर छोड़कर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छाता का पुरा हाईवे पुल के पास रात 12.45 बजे आतिफ खान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर जेहरा पिपरी से रात 1.35 बजे हामिद उर्फ सद्दाम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, तीन खाली बीयर कैन, एक रेक्सीन चप्पल, पैंट और शर्ट बरामद की। संवाद