सिविल लाइन में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम के बाहर लगी लोगों की कतार।
- फोटो : azamgarh
नोटबंदी के बाद बैंकों में कैैश न होने से अब लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। गुरुवार को पटवध सरैया स्थित बैंक आफ बड़ौदा में कैश न होने से नाराज लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लोगों को शांत कराया गया। इस घटना में 12 वर्षीय किशाेर का पैर टूट गया और तीन अन्य लोग घायल हो गए।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के पटवध सरैया स्थित बैंक आफ बडौदा की शाखा गुरुवार की सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर खुली। कुछ देर बंटने के बाद कैश खत्म हो गया। फिर क्या था लाइन में लगे लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने पहले लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मामले को शांत कराया ।
पुलिस की इस कार्रवाई से मची भगदड़ में पटवध कौतुक निवासी 12 वर्षीय राहुल गोंड़ पुत्र अजय गोंड़ का पैर टूट गया। जबकि महेंद्र, अमरनाथ और चनौती को घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं राहुल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।