आजमगढ़। कोरोना महामारी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की है। अगर उनका बकाया भी है तो उन्हें तीन महीने तक डरने की जरूरत नहीं है। क्योंकि इन तीन महीनों न तो कोई आपके यहां मीटर की रीडिंग लेने जाएगा और ना ही कोई कोई कनेक्शन काटने आएगा। उपभोक्ताओं के आने वाले हर महीने के बिल का आकलन कर उन्हें मोबाइल पर बिल भेजी जाएगी। अगर वह चाहेंगे तो आनलाइन पेमेंट कर सकेंगे।
कोरोना महामारी ने पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले लिया है। हर देश अपने तरीके से इससे निपटने की कोशिश में जुटा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूरे देश में 14 अप्रैल तक के लिए लाक डाउन घोषित कर लोगों को घरों में रहने की अपील की। प्रधानमंत्री इस अपील पर देश में सारे कार्य बंद हो गए। जिसका परिणाम हुआ की लोगों को अपने घर का खर्च चलाना भी भारी पड़ने लगा है। ऐसे में प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की है। सरकार ने तीन महीने तक किसी भी बिजली उपभोक्ता का कनेक्शन न काटने का निर्देश जारी किया है। इन तीन महीनों में कोई भी मीटर रीडिंग लेने के लिए भी उपभोक्ताओं के घर नहीं पहुंचेगा। हर महीने उपभोक्ताओं के पास एसेस बिल (प्रति महीने आने वाले बिल के हिसाब से) आनलाइन उपभोक्ताओं के पास भेजा जाएगा। वह चाहें तो आनलाइन इसका भुगतान कर सकते हैं। किसी को भी बिल जमा करने के लिए बिजली विभाग के काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं है। सरकार के इस फैसले ने बकाएदारों को बड़ी राहत प्रदान की है।
सरकार के निर्देशानुसार किसी भी विद्युत उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। लेकिन उनसे बिजली बिल की वसूली की जाएगी। इसके लिए उनके पास हर महीने आने वाले बिल के हिसाब से एसेस बिल बनाकर आनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा। अगर वह चाहें तो आनलाइन ही उसका भुगतान कर सकते हैं। नहीं तो तीन महीने बाद विभाग के काउंटर पर पहुंचकर जमा कर सकते हैं। - अशोक कुमार, अधीक्षण अभियंता।