आजमगढ़। शहर में पार्किंग व्यवस्था न होने से वाहन स्वामियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जाम से व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को प्रयास सामाजिक संगठन ने एक शिकायती पत्र जिलाधिकारी को सौंपकर पार्किंग की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
प्रयास अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि शहर में आने जाने वालों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिसके सापेक्ष शहर में कहीं भी पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके चलते वाहन स्वामियों और चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पार्किंग न होने से शहर में आए दिन लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। सुनील यादव ने कहा कि शहर में अधिकांश माल में पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। इस अवसर पर अंगद साहनी, शंभु दयाल सोनकर, इंद्रासन राय आदि मौजूद रहे।