देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में मंगलवार को उपचार के दौरान 18 माह के बालक की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। 10 मिनट तक चले चक्काजाम को पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बगौना गांव निवासी दीनानाथ के इकलौते 18 माह के पुत्र दिव्यांशु की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे लालगंज स्थित एक नर्सिंग होम में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां मंगलवार की शाम लगभग 3.30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दिव्यांशु की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आजमगढ़ वाराणसी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
परिजन चिकित्सक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर चक्काजाम को समाप्त कराया। इस मामले में परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने कहा कि घर जाकर तय करेंगे कि आगे क्या करना है।