रैंसमवेयर वायरस ने जहां कई देशों के कंप्यूटरों को अपना निशाना बनाया है। वहीं अपने देश में भी इससे बचने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। रिजर्व बैंक आफ इंडिया ने सभी बैंकों को इससे बचने के लिए सरकारी संस्था इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। वहीं इस वायरस के प्रकोप से बचने के लिए मंगलवार को जनपद के सभी एटीएम बंद रहे।
लाटघाट संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में स्थित सभी बैंकों के एटीएम मंगलवार को बंद रहे। इस संबंध में स्टेट बैंक बरडीहा के शाखा प्रबंधक रावेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दो दिन से एटीएम बंद हैं क्योंकि साइबर क्राइम की सूचना हम लोगों को ऊपर से मिली है कि ग्राहकों का पैसा निकल जा रहा है। जब तक इस वायरस से निजात नहीं मिल जाती एटीएम बंद रहेंगे।
यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया मोहम्मदपुर लाटघाट के फील्ड अफसर किशोर कुमार ने बताया कि तीन चार दिनों से पैसे के अभाव में एटीएम बंद है और साइबर क्राइम की भी सूचना ऊपर से है। जिसके नाते एटीएम नहीं खोला जा रहा है। इसी तरह से यूबीआई महुला भी बंद किया गया है और स्टेट बैंक बखरडीहा में भी एटीएम में ताला लटका हुआ है।
लालगंज संवादददाता के अनुसार साइबर हमले को देखते हुए कस्बा लालगंज में विभिन्न बैंकों के एटीएम बंद रहे लेकिन यूको बैंक का एटीएम खुला रहा। भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि हमें आदेश हुआ था कि सारे काम कैशलेस किए जाएं लेकिन यह कहां संभव है। ऑनलाइन लेनदेन प्रभावित हुआ है। कैश की कमी की वजह से एटीएम नहीं चल पा रहा है। पंजाब नेशनल बैंक के शाखा इंचार्ज शरद ने कहा कि माडम में गड़बड़ी की वजह से नेट स्लो चल रहा है। वहीं, ऊपर से वायरस को लेकर एलर्ट भी जारी हुआ है।