मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार गांव में सड़क दुर्घटना करने वाले इंडिका कार के चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हादसे के बाद चक्काजाम, पथराव और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में 10 नामजद, 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि 11 अक्तूबर को गुजरपार गांव में इंडिका कार की टक्कर से मुन्नीलाल घायल हो गए थे, जबकि उनकी पत्नी सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इस मामले में विपिन कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने 15 अक्तूबर को आरोपी चालक हिमांशु सिंह (28), निवासी गुजरपार, को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया। उन्होंने बताया कि 13 अक्तूबर को दुर्घटना के बाद गुजरपार बाजार चौराहे पर कुछ लोगों ने मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था।
मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक नौशाद अहमद और पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की एवं ईंट-पत्थर चलाए।
इससे एंबुलेंस, रोडवेज बसों, ट्रकों और आम लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। उपनिरीक्षक नौशाद अहमद की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें हरिकेश, प्रकाश, गोविंद, विजय, सुनील राम, अनिल राम, इंद्रदेव राम, रामचंदर, नागेंद्र यादव और सूबेदार को नामजद किया गया है।
सभी गुजरपार गांव के निवासी हैं। इनके अलावा 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।