आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के डीसी के कोरोना पाजीटिव आने के बाद शुक्रवार को विकास भवन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। सारे कार्यालय और यूबीआई शाखा भी बंद रही। सुबह ही स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए विकास भवन पहुंची। इस दौरान टीम ने कुल 56 लोगों की जांच की। जांच में डीपीआरओ को वाहन चालक और एक कंप्यूटर आपरेटर की कोरोना जांच रिपोर्ट पाजिटिव पाई गई।
नगर पालिका कैंपस स्थित विकास भवन से जिले में विकास की सारी योजनाओं का संचालन होता है। यहीं से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण का भी संचालन होता है। गुरुवार को विकास भवन के निचले तल पर बने ओडीएफ वार रूम में कार्य करने वाले डीसी सुलतानपुर में अपने घर कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद विकास भवन के डीपीआरओ कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारी कार्यालय छोड़ दिए। शुक्रवार को सीडीओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और उसने विकास भवन के कर्मचारियों की जांच की। जांच के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी का वाहन चलाने वाला सफाई कर्मी और डीपीआरओ कार्यालय में तैनात एक कंप्यूटर आपरेटर कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जांच के बाद एक बार फिर से पूरे विकास भवन को सैनिटाइज करने के बाद बंद कर दिया गया। शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मिलने के बाद विकास भवन परिसर स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा भी पूरी तरह से बंद रही। डीसी मनरेगा बीबी सिंह ने बताया कि शुक्रवार को विकास भवन के 56 कर्मचारियों की जांच की गई। जिसमें दो पॉजिटिव पाए गए पूरे विकास भवन परिसर स्थित आफिसों को सैनिटाइज कर बंद कर दिया गया है।