जीएसएसपीजी कॉलेज कोयलसा में कई माह से प्राचार्य रूम में ताला जड़ा हुआ है। इसे लेकर महाविद्यालय प्रबंध समिति के लोगों ने 23 मार्च को एसडीएम बूढ़नपुर नवीन प्रसाद को ज्ञापन दिया। एसडीएम द्वारा गठित टीम ने बृहस्पतिवार को महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य रूम का ताला तोड़वाया। नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. स्वास्तिक सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया।
एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि महाविद्यालय में इस समय यूनिवर्सिटी द्वारा परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। प्राचार्य कार्यालय में कई माह से ताला जड़ा होने के कारण परीक्षा का कार्य प्रभावित हो रहा है। प्राचार्य डॉ.जय प्रकाश मिश्रा कार्यालय की चाभी अपने पास रखे हुए हैं। प्रबंध समिति ने उपजिलाधिकारी से ताला खुलवाने जाने का अनुरोध किया। उपजिलाधिकारी द्वारा गठित टीम में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एसओ बूढनपुर की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया। प्रबंधक राम अवध सिंह ने बताया कि प्राचार्य डॉ.जेपी मिश्रा की कार्यशैली से प्रबंध समिति नाराज थी। मैने समिति की सलाह पर उन्हें निलंबित कर उनके स्थान पर डॉ. स्वास्तिक सिंह को प्राचार्य के पद पर नियुक्त किया।