आजमगढ़। डीएम राजेश कुमार और एसपी सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार शान को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। डीएम ने सीओ व एसडीएम को निर्देश दिए कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में जो गिरोहबंद अपराधी हैं, उन्हें चिह्नित कर उनकी संपत्तियों को कुर्क कराएं। जो गैंगेस्टर के आरोपी हैं उनकी निगरानी करें और कार्रवाई करें।
तरवां, अजमतगढ़, जहानागंज में जो भी भूमि के विवाद हैं उसका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें। धारा-153 व 145 के मुकदमे का भी निस्तारण करने के लिए एसडीएम को निर्देश दिए। कितने केसों में तामिला, बयान नहीं हुआ है, उनकी सूची बनाकर उपलब्ध कराने को कहा। कहा कि 35 शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त शस्त्रों को दो दिन के अन्दर जब्त कराएं। नवागत एसपी सुधीर सिंह ने समस्त सीओ, थानाध्यक्षों एवं इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि जो भी 302 के या जघन्य अपराधी हैं और बेल पर छूटे हुए हैं, उनका चिन्हिकरण करते हुए उनको जिला बदर करें। जो अपराधी जिला बदर हो चुके हैं, वे गांव में तो नहीं घूम रहे हैं, इसकी भी जांच करते हुए कार्रवाई करें। मर्डर और लूट के केस में जिन अपराधियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है, एक हफ्ते के अन्दर गिरफ्तारी करें।
प्रधानी के चुनाव को लेकर रहें विशेष सतर्क
आजमगढ़। प्रधानी का चुनाव आने वाला है, इसलिए गांव के नाली, खड़न्जा, मनरेगा, जमीनी विवाद आदि छोटे-छोटे विवादों का चिन्हांकन कर लें। इसका निस्तारण एसडीएम से समन्वय बनाकर कराएं। जिन प्रधानों का बैकग्राउंड आपराधिक प्रवृत्ति का है, उनका भी चिन्हांकन करें। प्रधान से संबंधित शिकायतें जनपद स्तर पर 154, ब्लाक स्तर पर 91 प्राप्त हुई हैं। इसका निस्तारण सीओ-एसडीएम संयुक्त रूप से करें। डीएम ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रधानों की शिकायतों की सूची थानेवार उपलब्ध करा दें।
नहीं निकलेगा ताजिया
आजमगढ़। जिलाधिकारी ने बताया कि मोहर्रम का त्यौहार आने वाला है। एसडीएम व पुलिस के संबंधित अधिकारी जिन-जिन स्थानो से परम्परागत ताजिया निकलता है, वहां के ताजियादार कौन-कौन है व कमेटी के कौन-कौन सदस्य हैं, उसकी सूची बना लें। ताजियादार व कमेटी के लोगों के साथ बैठक कर लें। उन्होने बताया कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत इस बार ताजिया नहीं निकाला जाएगा। एडीएम प्रशासन नरेन्द्र सिंह, एडीएम फाइनेंस गुरू प्रसाद, एसपी सिटी पंकज कुमार पाण्डेय, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ, सीओ सिटी ईलामारन आदि थे।