बलरामपुर। रानी की सराय थाना क्षेत्र के नीबी गांव स्थित पोखरे में मंगलवार को दिन में एक वृद्ध का शव उतराया हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त दो दिनों से लापता आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के कुली के रूप में की गई।
सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी गांव निवासी 85 वर्षीय रामजतन यादव पुत्र जियूतबंधन आजमगढ़ रेलवे स्टेशर पर बतौर कुली काम करता था। रोज की भांति दो दिन पूर्व भी वह घर से रेलवे स्टेशन के लिए निकला और लापता हो गया। परिजन अपने स्तर से उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे। मंगलवार को दिन में रानी की सराय थाना अंतर्गत नीबी गांव में एक वृद्ध का शव ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों की सूचना पर रानी की सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोखरे से निकलवा कर शिनाख्त की कवायद शुरू कर दिया। इस बीच शव मिलने की सूचना पर रामजतन के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रामजतन के रूप में किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन पुत्रों का पिता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।