ठेकमा। वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित ठेकमा ब्लॉक के दो गांव दरियापुर बसही और भगवानपुर के ग्रामीणों को राहत मिली है। 2025 में पहली बार इन गांवों का नाम आवास प्लस पोर्टल पर प्रदर्शित हुआ है। इससे ग्रामीणों को अब सरकारी योजना के तहत आवास मिलने की उम्मीद जगी है।
प्रधानमंत्री आवास की सूची से इन दोनों गांवों का नाम गायब था। इसके कारण इन गांवों के पात्रों को अब तक इस योजना का लाभ नहीं मिल सका था। 2012 से लगातार ग्रामीण ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ तक आवेदन देते रहे, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। वर्ष 2005, 2012 और 2018 में भी इन गांवों को सूची में शामिल नहीं किया गया था। अब जाकर साल 2025 में इन दोनों गांवों को ‘आवास प्लस’ सूची में स्थान मिला है। अब जाकर इन गांवों के लोगों को उम्मीद जगी है कि इनको भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास आवंटित होंगे।
अब तक लगभग 300 लोगों ने किया आवेदन
योजना में शामिल होने के बाद अब तक 287 लोग आवास प्लस पोर्टल पर आवेदन कर चुके हैं। इसमें दरियापुर बसही के 263 और भगवानपुर के 24 लोगों ने अब तक ऑनलाइन आवेदन किया है। यह संख्या 14 अक्टूबर तक चलने वाली सर्वे और आवेदन प्रक्रिया के बाद और बढ़ भी सकती है।
दरियापुर बसही और भगवानपुर गांव आवास की सूची से बाहर थे। अब आवास प्लस पोर्टल पर इन दोनों गांवों के नाम शो करने लगे हैं तो इनसे आवेदन लिए जा रहे हैं। अब तक लगभग 300 लोगों ने आवेदन किया है। अब इन दोनों गांवों के लोगों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। - मनोज कुमार श्रीवास्तव, बीडीओ ठेकमा।