बरदह थाना क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव में रविवार की रात घर में तीन बेटियों के साथ मौजूद महिला को एक बदमाश ने तमंचे से भयभीत कर एक लाख रुपये का आभूषण लूट ले गया। सोमवार को पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज करने के बजाय मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
बरदह थाना क्षेत्र के महुजा नेवादा गांव निवासी बंसराज राजभर रविवार की रात गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने चला गया। घर पर उसकी पत्नी सरेना देवी तीन बेटियों के साथ मौजूद थी। पीड़ित महिला सरेना देवी का आरोप है कि रात साढ़े नौ बजे पड़ोसी गांव का एक युवक उसके घर पहुंचा।
उसने पति का नाम लेते हुए पूछा कि कहां गए हैं। बेटियों ने बताया कि गांव में गए हुए हैं। इस पर युवक अपनी बाइक से नीचे उतरा और घर में घुस गया। तमंचा निकालकर सरेना देवी की कनपटी पर सटाकर धमकी दी कि गहने उतार दो अन्यथा गोली मार देंगे।
भयभीत सरेना ने तुरंत दोनों कान से बाली और दस ग्राम सोने की चेन निकालकर बदमाश को थमा दी और वह लेकर फरार हो गया। बदमाश के जाने के बाद सरेना देवी ने घटना की सूचना अपने पति को दी। सोमवार की सुबह बंशराज राजभर ने थाने में तहरीर दी। एसओ बरदह अनिल प्रकाश सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस जांच में जुटी है।