धोखाधड़ी के आरोप में पासपोर्ट जब्त किए जाने से तनावग्रस्त अधेड़ ने बुधवार की शाम चाकू से गला रेतकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद चाकू लेकर नगर में घूमने लगा। मुहल्ले वालों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर शव कब्जे में ले लिया। घटना मीरहसन मुहल्ले की है।
फूलपुर कोतवाली के नियाउज गांव निवासी मुजीबुर्रहमान की शादी बीस वर्ष पूर्व सरायमीर के मीरहसन मुहल्ला निवासी तरन्नुम बानो (40) के साथ हुई थी। उसका बड़ा बेटा फरहान (18) बाहर पढ़ता है। जबकि कासिफ (12) और साजिब (10) मां के साथ घर पर रहते हैं। मुजीबुर्रहमान ससुराल में मकान बनाकर रहता है। लोगों के अनुसार करीब छह माह पूर्व वह मलयेशिया से लौटा है। यहां धोखाधड़ी के किसी मामले में उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया।
इससे वह तनाव में है। इसी वजह से मुजीबुर्रमान और उसकी पत्नी तरन्नुम बानो में अक्सर झगड़ा होता था। तीन दिन से दोनों पक्ष के लोग पंचायत कर रहे थे। तरन्नुम ने तलाक भी मांगा था, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए पंच इस पर सहमत नहीं हुए। बुधवार की शाम करीब चार बजे तरन्नुम घर पर पड़ोसी की कुछ लड़कियों के साथ बैठी थी। तभी मुजीबुर्रहमान पहुंचा और चाकू दिखाकर सभी को भगा दिया। इसके बाद पत्नी को कमरे में ले जाकर गला रेतकर मार डाला।
इसके बाद वह खून से सना चाकू हाथ में लेकर बाहर घूमने लगा। पहले तो लोगों ने बहुरुपिया समझा, लेकिन हकीकत पता चलने पर उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी मुजीबुर्रमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके ससुर रज्जाक की तहरीर पर केस दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी गई।
- एसके सिंह, सीओ फूलपुर।