धार्मिक वाक्य लिखे कागज के बने दोने में चाट बेचे जाने को लेकर मुबारकपुर में शुक्रवार की शाम हुए उपद्रव के तीसरे दिन शांति रही। लेकिन जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मय पीएसी मौजूद रहे। रविवार को नगरपालिका के अधीशासी अधिकारी (ईओ) सहित दो लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराई। ईओ ने 250 अज्ञात और मो. नाजिर ने चाट विक्रेता सहित पांच लोगों को आरोपित किया। रविवार को पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया।
घटना के बाद बिगड़े सांप्रदायिक सौहार्द को ठीक करने में जुुटे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तीसरे दिन भी भारी भरकम फोर्स के साथ मुबारकपुर थाने में कैंप किए हैं। रविवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश ने हुई तोड़फोड़ की घटना के बाबत रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें 250 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। इसी क्रम में पूरा दीवान मुहल्ला निवासी मो. नाजिर ने दोना विक्रेता और उसे बनाने वालों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसमें कटरा मुहल्ला निवासी श्रीराम, पूरा रानी निवासी राजेश जायसवाल, विमल, सुनील, पारस और कृष्णा को आरोपित किया गया है। एसपी दयानंद मिश्रा ने दर्ज हुए रिपोर्ट की पुष्टि की। बोले रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को हैदराबाद गांव निवासी मो. दानिश, अफजल और रेहान, कटरा मुहल्ला निवासी श्रीराम और पूरा रानी मुहल्ला निवासी राकेश जायसवाल को गिरफ्तार किया गया।
मुबारकपुर बवाल के तीसरे दिन रविवार को प्रशासन के अधिकारी के अलावा राजनीतिक दल के लोगों ने शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। जिलाधिकारी सुहास एलवाई, पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्र ने राजनीतिक दलों के साथ क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की। वहीं सपा नेता रामदर्शन यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव सहित अन्य नेतागण भी नगर में भ्रमण कर लोगों से मिले। इस अवसर पर सुनील वर्मा, हाजी अब्दुल मुकतदीर अंसारी, परवेज नोमानी अंसारी, रामप्रवेश यादव आदि मौजूद रहे।
मुबारकपुर बवाल की जांच के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई। एसपी के अनुसार एक टीम कागज के दोने पर लिखे अभिलेख की जांच करेगी। दूसरी टीम वाराणसी रवाना की गई, जो दोना बनाने वाले से संपर्क कर सत्यता का पता लगाएगी।