रानी की सराय थाने की पुलिस ने शुक्रवार की रात करीब नौ बजे नीबी मित्रसेनपुर तिराहे से जहरखुरान गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार का दावा किया है। इनके पास से भारी मात्रा में नशीला पाउडर, कार और बाइक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने पुलिस के सामने यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर सामान, रुपये लूटने की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार किए जहर खुरानों में पंकज निषाद पुत्र महेंद्र अहरौला थाना क्षेत्र के लेदौरा और राहुल चौहान पुत्र शीतला कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय हसीब अहमद और स्वाट टीम प्रभारी अरविंद यादव ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार की शाम नीबी मित्रसेनपुर तिराहे पर घेराबंदी कर पंकज और राहुल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पंकज के पास से 200 ग्राम नशीला पाउडर और राहुल के पास से 160 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान इन दोनों ने बताया कि वे जहर खुरान गिरोह के सदस्य हैं। लोगों को झांसा देकर गाड़ी में बैठाते और नशीला पाउडर चाय में मिलाकर पिलाने या सूंघाकर बेहोशकर सारा सामान लेकर भाग जाते हैं। पुलिस घटना में प्रयुक्त मारुती कार भी बरामद की है। एसपी ने बताया कि दोनों ने आठ जनवरी की रात बरदह थाना क्षेत्र के रहने वाले सेना के जवान को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने का जुर्म कबूल किया।