शहर के अनंतपुरा मुहल्ले में शुक्रवार की रात मनबढों ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक को गोली मार दी। घायल को सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। गोली युवक के सीने को पार कर निकल गई है। दूसरी तरफ घटना बाबत घायल के भाई ने कोतवाली में चार लोगों को आरोपित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
अनंतपुरा मुहल्ला निवासी जितेंद्र सोनकर (30) पुत्र रामचंदर और मुहल्ले के चंदन शर्मा के बीच 24 मार्च होली के दिन रंग लगाने को लेकर मारपीट हुई थी। हालांकि उस वक्त तो मामला शांत हो गया। लेकिन तनाव बरकरार रहा।
शुक्रवार की रात दस बजे के करीब जितेंद्र अपने घर के पास मौजूद था, तभी उसका विरोधी अपने चार साथियों के संग वहां पहुंचा, और जितेंद्र पर हमला कर दिया। बताया जाता है जितेंद्र बचाव करने के लिए वहां से भागा, इस दौरान मनबढ़ों ने उसे दौड़ा लिया। साथ ही उस पर तमंचे से फायर किया। गोली जितेंद्र के सीने में लगी। परिणामस्वरुप वह लहुलूहान होकर गिर गया। शहर के अति व्यस्त मुहल्ले में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई।
आनन-फानन में लोग जितेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराए। जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दूसरे दिन शनिवार की शाम तक वह जीवन-मौत से जूझ रहा था। इधर घटना के संबंध में जितेंद्र के भाई नीरज सोनकर ने तहरीर देकर इन चारों के खिलाफ केस दर्ज कराया। शहर कोतवाल मो. ईसा खां ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें मुहल्ला निवासी चंदन शर्मा, कलीन सिंह, पल्लू शर्मा और बाबू गोंड़ को नामजद किया गया है।