नगर क्षेत्र के बवाली मोड़ पर स्थित देसी शराब के ठेके को हटाने की मांग लेकर पुरुषों के साथ पहुंची बड़ी संख्या में महिलाओं ने शनिवार दोपहर शराब ठेके पर हमला बोल दिया। महिला और पुरुषों ने सेल्समैन की पिटाई कर दूकान में तोड़फोड़ की। शराब और कुछ रुपये भी लूट लिया। मुहल्ले के लोग काफी दिनों से बस्ती में खुली शराब की दूकान हटाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक तोड़फोड़ करने वाले भाग निकले थे। सेल्समैन ने तहरीर देकर दस नामजद और 40 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कटरा मुहल्ले से सटे बवाली मोड़ पर कई वर्ष से देसी शराब की दूकान चल रही है। यहां सुबह शाम लोग शराब पीकर मारपीट करते हैं। शराब पीकर घर जाने वाले पुरुष अपनी पत्नियों से मारपीट करते हैं जिससे आजिज आकर महिलाएं दूकान को हटाने की मांग कर रही थी। मुहल्ले के लोगोें ने यहां से शराब की दूकान हटाने की मांग करते हुए थाना, तहसील में अधिकारियों से मुलाकात की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
लोगों की मांग है कि शराब की यह दूकान बस्ती के बाहर पांच सौ मीटर दूर खोल दी जाए। शनिवार को मुहल्ले की तमाम महिला और पुरुष हाथ में लाठी-डंडा लेकर दूकान में पहुंचे। वहां मौजूद बिहार के सेल्समैन अजय सिंह को पीटकर घायल कर दिया। साथ ही दूकान में तोड़फोड़ करते हुए शराब की बोतलें आदि को नष्ट कर दिया। दूकान में बिक्री के मौजूद कुछ रुपये और कुछ शराब की पेटी उठा ले गए। घटना की जानकारी होते हुए प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर संतलाल यादव भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख लोग भाग खड़े हुए।
घटना के संबंध में सेल्समैन अजय सिंह ने तहरीर देकर मुहल्ले के बीसू सोनकर, कैलाश, चंद्रदेव, मुन्ना, नौमी, संजय, की पत्नियों के अलावा मोहन, शालू, नंदू, सुभावती को नामजद और 40 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस इनके विरुद्ध केस दर्ज कर तलाश में जुटी है। सीओ सदर सच्चिदानंद ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।