पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल की घटतौली के खिलाफ प्रशासन का जांच अभियान दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। प्रभारी जिलाधिकारी प्रेमप्रकाश सिंह के निर्देश पर गठित जांच टीम ने रोडवेज के पास स्थित शंकर फीलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान डीजल यूनिट के पल्सर में छेड़खानी व अनियमितता सामने आने पर डिस्पेंसिंग यूनिट को सील कर दिया गया।
बड़े पैमाने पर डीजल और पेट्रोल की घटतौली की शिकायत को दूर करने के लिए सरकार ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके तहत, प्रभारी जिलाधिकारी ने जांच टीम गठित की है। इस टीम ने गुरुवार को दूसरे दिन भी पेट्रोल पंप की जांच की। उपजिलाधिकारी सदर अभय कुमार मिश्र और जिलापूर्ति अधिकारी गौरीशंकर शुक्ला ने शहर में रोडवेज के पास स्थित शंकर फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया।
इस दौरान दौरान पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता संबंधी जांच फिल्टर पेपर के जरिए की गई। पेट्रोल और डीजल के घनत्व तथा डिस्पेसिंग यूनिट का निरीक्षण भी किया गया। डीजल यूनिट के पल्सर में अनियमितता और छेड़खानी की पुष्टि टेक्नीशियन ने की। जिस पर टीम ने त्वरित रूप से यूनिट को सील कर दिया गया।
सिविल लाइंस स्थित आजमगढ़ ट्रांसपोर्ट सर्विस (पेट्रोल पंप) तथा कोटवा रानी की सराय स्थित विजय फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों पेट्रोल पंपों पर लगी डिस्पेसिंग यूनिट में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।