बिलरियागंज के मधनापार तिराहे पर पुलिस टीम पर फायरकर भाग रहे एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद किया। बदमाश का साथी भाग निकला।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने बताया कि जनपद में वाहन लुटेरों, चोरों और शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के क्रम में गुरुवार की रात बिलरियागंज थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश बिलरियागंज से जीयनपुर आ रहे हैं। मधनापार तिराहे के पास पुलिस छिपकर बदमाशों का इंतजार करने लगी। तभी बिलरियागंज की ओर से एक बाइक आती दिखी।
पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। इस बाइक सवार दोनों युवक बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे। हड़बड़ाहट में बाइक गिर गई। पुलिस को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने फायर कर दिया और भागने लगे। खुद को बचाते हुए पुलिस ने एक बदमाश को धर दबोचा। जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गया।
पकड़ा गया बदमाश तरवां थाना क्षेत्र के खिलवा गांव का निवासी जयसिंह यादव पुत्र शिवपूजन यादव है। जबकि फरार बदमाश रामजी पासी पुत्र श्यामलाल तरवां थाना क्षेत्र के जियापुर गांव का रहने वाला है।
पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने 32 बोर की पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद किया है। पुलिस ने बदमाश का आर्म्स एक्ट में चालान कर जेल भेज दिया है। वहीं, रौनापार थानाध्यक्ष परमानंद द्विवेदी ने चेकिंग के दौरान रौनापार थाना क्षेत्र के निबियहवा गांव निवासी इंद्रेश यादव पुत्र रामशेष यादव को 315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।