क्षेत्र के सोफीपुर देवइतपट्टी गांव में मंगलवार की दोपहर बदमाशों ने घर में घुसकर अधेड़ किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। सीने में ताबड़तोड़ छह गोलियां मारकर तीन बदमाश बाइक से भाग निकले। बुरी तरह घायल किसान को लेकर परिवार वाले जिला अस्पताल गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वालों ने वहां हंगामा कर दिया। मृतक के भाई ने अज्ञात के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के सोफीपुर देवइत पट्टी गांव निवासी रामसूरत सिंह (55) का मकान लबे सड़क है । दो बेटों और दो बेटी के पिता रामसूरत के पास करीब दस बीघे खेत है। मंगलवार की दोपहर वह घर में आराम कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश बाइक स्टार्ट करके उसी पर बैठा था। जबकि दो नीचे उतरे और रामसूरत के कमरे में घुसकर उन पर गोलियां बरसा दीं। इसके बाद वे मंझारी गांव की तरफ भाग गए। रामसूरत के नाक, गर्दन और पेट में छह गोलियां लगी थीं। गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र में दहशत फैल गई। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। परिवारवाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां परीक्षणकर डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इससे बौखलाए घरवालों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना मिलने पर प्रभारी एसपी सिटी एच रहमान शहर कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। कुछ ही देर में सीओ सदर सच्चिदानंद, एसओ निजामाबाद राजेश सिंह सहित कई थानों की फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गई। मृतक के भाई नहेंद्र बहादुर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हत्या के कारण की जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए सीओ सदर के नेतृत्व में दो थानों की फोर्स लगाई गई है। - कुंतल किशोर एस