गंभीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में चार दिन पूर्व युवक ने जहर खाकर जान दे दी थी। उसकी मौत के गम में अधेड़ प्रेमिका ने भी मंगलवार की रात जहर खा लिया। हालत गंभीर होने पर प्रेमिका को घर वालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 45 वर्षीय महिला अपने गांव के ही 22 वर्षीय युवक से प्रेम करती थी। महिला का प्रेमी उसके बड़े बेटे से महज दो वर्ष ही बड़ा है। महिला से प्रेम करने की वजह से युवक अपनी सारी कमाई उस महिला को दे देता था। इस बात की जानकारी चार दिन पूर्व युवक के घर वालों को हुई तो उन्होंने दोनों को जमकर फटकार लगाई।
घर वालों को बर्ताव से नाराज होकर युवक चार दिन पूर्व एक मई को जहर खाकर जान दे दी थी। उधर, प्रेमी की मौत के गम में महिला मानसिक रूप से विचलित हो गई थी और उसने भी मंगलवार की रात जहर खा ली। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने उसकी लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। एसपी सिटी डा. विपिन ताडा ने बताया कि महिला की लाश पीएम के लिए भेजवा दी गई है। घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है।