करेंट से लाइनमैन की मौत के बाद फूलपुर रोडवेज बस अड्डे के पास मंगलवार की सुबह बलिया- लखनऊ मार्ग पर चक्काजाम कर रहे लोगों पर पीएसी के डंडा फटकारने से बवाल हो गया। भीड़ आपा खो बैठी और बातचीत कर रहे एसडीएम और सीओ को लोग लात-घूसों से पीटने लगे।
पथराव कर पुलिस बल को दूर तक खदेड़ दिया। बाद में सिर में चोट लगने से कोतवाल के घायल होने पर पुलिस ने भी जवाबी पथराव किया। यह क्रम करीब आधे घंटे से अधिक देर तक चला। दोपहर करीब 1.25 बजे डीएम सुहास एलवाई भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच कराने और आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के गंडी गांव निवासी केशव राम (40) स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर प्राइवेट लाइनमैन के तौर पर काम करता था। मंगलवार की सुबह वह फूलपुर देहात में स्थित रेलवे ट्रैक के पास हाई वोल्टज तार का जंपर जोड़ने गया था। खंभे पर चढ़ने से पहले उसने पावर हाउस से शट डाउन लिया।
काम के दौरान लाइन चालू हो जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। केशव के मौत की जानकारी के बाद गांव के लोगों ने दोषी के विरुद्ध कार्रवाई और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए फूलपुर रोडवेज बस अड्डे के पास जाम लगा दिया। सवा नौ बजे के करीब कोतवाल तेजबहादुर सिंह वहां पहुंचे, लेकिन ग्रामीण डीएम को बुलाने की जिद पर अड़े थे।
करीब बारह बजे एसडीएम फूलपुर बाबूलाल, सीओ फूलपुर एसके सिंह सरायमीर, दीदारगंज, अहरौला और गंभीरपुर थाने की पुलिस तथा पीएसी को लेकर पहुंचे। थानों की फोर्स दूर खड़ी थी, जबकि पीएसी के जवानों को लेकर एसडीएम, सीओ और कोतवाल लोगों से बात करने लगे। वार्ता के दौरान ही पीएसी के कुछ जवान सड़क पर डंडा पटकने लगे। इससे लोग नाराज हो गए और सीओ और एसडीएम को लात, घूसों से पीटना शुरू कर दिया।
पथराव में कोतवाल का सिर फट गया। एकाएक हालात बेकाबू होते देख पुलिस कर्मी दूर भाग गए जबकि अधिकारियों ने पास के एक घर में घुस कर जान बचाई। इस बीच कुछ स्थानीय लोग आगे आए और घायल अधिकारियों को घर से निकाल कर अस्पताल भेजवाया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया गया है। दोपहर करीब 1.25 बजे डीएम सुहास एलवाई, एडीएम प्रशासन आशुतोष द्विवेदी, एएसपी ग्रामीण मोहम्मद इमरान मौके पर पहुंचे।
डीएम ने केशव के घर वालों को नियम के तहत मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने और घटना की मजिस्ट्रेटी जांच कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। बाद में डीएम ने मृत केशव की पत्नी को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया।