तोड़फोड़ और लूटपाट, भांजीं लाठियां
नगर के फराशटोला मुहल्ले और गौरी शंकर घाट पर स्थित देसी और अंग्रेजी शराब की दूकान को न हटाने से नाराज महिलाओं ने रविवार को शराब की दूकानों पर धावा बोल दिया। शराब की दूकान में जमकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी भांजकर भीड़ को खदेड़ा और कई लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली आई।
बताते चलें कि गौरीशंकर घाट और फराश टोला की महिलाएं करीब एक साल से शराब ठेका यहां से हटाने के लिए प्रशासन से मांग कर रही हैं। रविवार की दोपहर महिलाओं ने खुद दूकान को हटाने का फैसला किया और मोहल्ले में स्थित देसी शराब की दुकान पर धावा बोल दिया।
महिलाओं और बच्चों ने दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही शराब की शीशियों को फेंक दिया। पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। गौरीशंकर घाट क्षेत्र की कुछ महिलाओं ने वहां स्थित दुकान में तोड़फोड़ का प्रयास शुरू कर दिया। यहां भी पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने कई लोगों केे हिरासत में लिया। दोनों दूकानों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। वहीं, देसी शराब की दूकान के मालिक ने महिलाओं पर 20 से 25 हजार नगदी और हजारों की शराब लूटने का आरोप लगाया है।
रविवार को फराशटोला मुहल्ले की देसी शराब की दूकान में जहां महिलाएं तोड़फोड़ करने में मशगूल थीं। वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे भी पुरुष भी मौजूद थे जो शराब की शीशी को अपनी जेबों में भरते हुए देखे गए। कुछ महिलाएं भी ऐसी थी, जो अपनी साड़ी में शराब की शीशी लेकर लोगों में बांटती नजर आईं।
थाना क्षेत्र के सम्मोपुर गांव में रविवार को खेत में गोमती में शराब बेचने पर गांव की महिलाओं ने झाडू, डंडे के साथ जमकर विरोध किया। पुलिस ने गोमती में ताला बंद कर वहां हटाने के आश्वासन देकर मामला शांत कराया। सम्मोपुर गांव में सरकारी शराब ठेके को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शराब की दूकानें सम्मोपुर गांव में चली। वहां विरोध होने के बाद संचालक ने खेत में वाहन में बेचना शुरू कर दिया। वाहन के बाद गोमती में बेचना शुरू किया। रविवार की सुबह को गोमती में बेचने पर गांव की महिलाओं ने झाडू डंडे के साथ विरोध किया। पुलिस ने गोमती ताला बंद कर दिया। थानाध्यक्ष सरिता सिंह ने बताया ने विरोध के चलते शराब की दूकान को अन्यत्र ले जाने का निर्देश दिया गया है।