थाना क्षेत्र के मसउदपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर पर बुधवार की आधी रात आधा दर्जन बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने बाहर सो रही एक महिला के गले से सोने की चेन छीनी। जब दंपती ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मार दी। घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित ने जहां बदमाशों पर लूट की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस लूट से इंकार कर रही है।
अस्पताल में भर्ती उदय प्रताप दूबे (56) पुत्र फेकू दूबे मूलरूप से जहानागंज थाना क्षेत्र के नेतपुर गांव के निवासी हैं। वह मसउदपुर गांव में परिवार के साथ रह रहे हैं। बुधवार की रात उदय प्रताप पत्नी ऊषा देवी (52) के साथ घर के बाहर बरामदे में सोए थे। घायल के अनुसार रात को एक बजे के करीब छह की संख्या में बदमाश पहुंचे।
उन्होंने ऊषा देवी के गले से सोने की चेन छीनी। जब उदय ने विरोध किया तो बदमाशों से उनकी हाथापाई भी हो गई। इसी बीच एक बदमाश ने दंपती पर फायर कर दिया। गोली उदय की जांघ और कंधे में लगी। जबकि एक गोली उनकी पत्नी के सिर को छीलते हुए निकल गई। फायरिंग होने पर घर में सोए उनके पुत्र तथा गांव के अन्य लोगों की नींद खुल गई। जब तक लोग पहुंचते बदमाश अपने जूते चप्पल छोड़कर भाग निकले।
हालांकि इस दौरान ग्रामीणों ने बदमाशों को दूर तक ढूंढा भ्ाी लेकिन वह सफल नहीं हुए। घटना को लेकर ग्रामीणों में खासी चर्चा होती रही। घायल के पुत्र प्रदीप दूबे ने इस घटना की सूचना पुलिस को फोन से दी। इस संबंध में जहानागंज थानाध्यक्ष का कहना है कि गुरुवार की दोपहर बाद उन्हें घटना की जानकारी गांव के लोगों से मिली। बहरहाल पुलिस ने देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि गांव में किसी प्रकार की कोई लूट नहीं हुई है।