हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर गैस प्लांट के पास एक फैक्टरी कर्मचारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक का शव नाली में स्कूटर के नीचे दबा हुआ मिला।
मृतक कामगार बृजेश कुमार दीक्षित उत्तर प्रदेश के जोनपुर जिले के पतरही गांव का रहने वाला था। 48 वर्षीय बृजेश शिवालिक नगर में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
पुलिस के अनुसार बृजेश झाड़माजरी स्थित एक दवा कंपनी में तैनात था। बुधवार रात्रि को 11 बजे उसकी ड्यूटी शुरू थी। वह पौने 11 बजे कमरे से रवाना हुआ, लेकिन जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा तो फैक्टरी संचालकों ने फोन कर घर पर सूचना दी।
जिस पर मृतक का बेटा अभिनव व पड़ोसी उसे ढूंढने निकले। रात भर उसे ढूंढते रहे, लेकिन कहीं पर उसका कोई पता नहीं चला। वीरवार सुबह साढे़ आठ बजे गैस प्लांट के साथ नाली में स्कूटर के नीचे दबा हुआ शव मिला।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लिया। मृतक अपने पीछे दो बेटे व पत्नी को छोड़ गया है।
एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि मृतक कामगार के शरीर पर कहीं कोई चोट का निशान नहीं है। वहीं मृतक के परिजनों ने किसी पर कोई शक भी जाहिर नहीं किया है।
प्रारंभिक जांच में पाया कि मृतक की मौत स्कूटर से गिरने से लग रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ चिकित्सालय भेज दिया है।