स्थानीय थाना क्षेत्र रूदरी गांव में मंगलवार को पुलिस ने एक इंटर कालेज के प्रबन्धक के घर स्नातक विज्ञान वर्ग की लिखी जा रही महाविद्यालयीय परीक्षा की कापियां व प्रश्नप्रपत्र के साथ आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। बरामद की गई उत्तर पुस्तिकाएं बीएससी वनस्पति विज्ञान और भौतिक विज्ञान की हैं।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की इन दिनों स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं हो रही हैं। सुबह की पाली में स्नातक की वनस्पति और भौतिक विज्ञान की परीक्षा हो रही थी। सुबह करीब नौ बजे स्नातक विज्ञान वर्ग की कापियां लिखी जाने की सूचना पर रानी की सराय के थानाध्यक्ष को हुई। वह मयफोर्स प्राइवेट वाहन से रूदरी गांव निवासी एक इंटर कालेज के प्रबंधक के घर के छापेमारी की।
इस दौरान महाविद्यालय की सादी और लिखी कापियां नकल सामग्री के साथ आठ लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने वालों में रूदरी गांव निवासी रामरूप पुत्र पलकधारी, जहानागंज थाना के शेखपुर गांव निवासी संजीव पुत्र बसंत, रानी की सराय थाना क्षेत्र के टेंगरपुर गांव के अनूप पुत्र राजदेव, रायपुर गांव के शुभम् पुत्र क्रांति राय, सेमरहा गांव के उमाकांत पुत्र जितेंद्र यादव, चड़ई गांव के सूरज पुत्र रामशृंगार यादव, शाहखजुरा गांव के धर्मेंद्र यादव पुत्र चंद्रशेखर यादव, रूदरी गांव के ऋतु पुत्र रामकिशन है।
प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय सरिता सिंह ने बताया कि स्नातक के किसी दो महाविद्यालय की वनस्पति और भौतिक विज्ञान की कापियां की लिखी जा रही थीं। कापियों की कोडिंग मिलान के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि किस महाविद्यालय की कापियां हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।