आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर शाम घर से शौच के लिए निकली अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ कुछ लड़कों ने दुष्कर्म की कोशिश की। छोटी बहन के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। इस दौरान आरोपी फरार हो गए। प्रकरण दो बिरादरी का होने के कारण तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। जीयनपुर और मुबारकपुर थाने की पुलिस के साथ सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने प्रकरण में 2 लोगों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की 13 और 8 साल की दो बहनें शाम 7:30 बजे शौच के लिए निकली थी। इस दौरान कुछ युवकों ने इसमें बड़ी बहन का मुंह बंदकरके उसे दबोचने का प्रयास किया। छोटी बहन ने शोर मचा दिया इससे आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। आरोपी मौके से भाग निकले।
परिजन भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा होने लगा। आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से मामले को दबाने के लिए दबाव दिया जा रहा था। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। इसी बीच किसी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर चौकी पहुंची, लेकिन स्थिति बिगड़ रही थी।
इस पर मुबारकपुर, जीयनपुर के साथ ही कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी के नेतृत्व में मामले को संभाला गया। एसपी सिटी पंकज पांडे ने बताया परिजनों की ओर से दो युवकों को नामजद करते हुए तहरीर दी गई है। इस में छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। प्रकरण में एक युवक को हिरासत में लेने की भी बात कही जा रही है।